उत्तराखंड में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना, कई जिलों के लिए ‘वॉच’ अलर्ट जारी
देहरादून,18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में आज मौसम में उत्तार-चढ़ाव रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ उच्च हिमालयी क्षेत्रों बर्फबारी के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है,जबकि मैदानी इलाकों में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। विभाग ने कुछ जिलों के लिए 'वॉच' अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग देहरादून केंद्र ने शनिवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी,रुद्रप्रयाग,चमोली,बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों (4000 मीटर से अधिक ऊंचाई) में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
राज्य के मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं तथा कुछ स्थानों पर गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जिसके बाद तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। पिछले 24 घंटों में राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान राज्य में कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

