उत्तराखंड के सात जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के सात जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना


देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के सात जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। 3,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने हालांकि प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र की ओर से मंगलवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से कम से लेकर सामान्य स्तर तक दर्ज किया गया।

देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए हुए है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह दर्ज न्यूनतम तापमान देहरादून में 17.7, पंतनगर में 18.0, मुक्तेश्वर में 12.2 और नई टिहरी में 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आज सुबह 8:30 बजे तक जानकी चट्टी में आठ मिलीमीटर, बदरीनाथ में 0.8 मिलीमीटर और केदारनाथ में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, स्वचालित वर्षामापी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार जानकी चट्टी में 7.5, पांडुकेश्वर में 1.5 और हर्षिल में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story