नैनीताल में ओलावृष्टि व बारिश से बदला मौसम, सैलानियों की बढ़ी रौनक

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में ओलावृष्टि व बारिश से बदला मौसम, सैलानियों की बढ़ी रौनक


नैनीताल में ओलावृष्टि व बारिश से बदला मौसम, सैलानियों की बढ़ी रौनक


नैनीताल, 15 मार्च (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल में रविवार को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम में आए बदलाव के साथ शहर में सैलानियों की रौनक बढ़ गई और नैनी झील व माल रोड पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।

दोपहर बाद तक आसमान में बादल छाए रहे और कई चरणों में कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। कुछ समय के लिए नगर में बड़े आकार के ओलों की चादर सी बिछ गई, हालांकि बाद में हुई बारिश के कारण ओले जल्दी पिघल गए। दूसरी ओर सप्ताहांत पर मौसम में आये इस बदलाव के साथ संभवतया बर्फबारी की उम्मीद लगाते हुए सैलानी भी बड़ी संख्या में नगर में पहुंच गये और नगर में सैलानियों की रौनक देखी गयी।

नगर के प्रमुख आकर्षण नैनी झील में और झील किनारे के घाटों पर अपराह्न में रंगबिरंगी नौकाओं व सैलानियों के मेले जैसा माहौल देखा गया। माल रोड पर भी अच्छी संख्या में सैलानियों की मौजूदगी देखी गयी। इस दौरान सैलानी मैदानी क्षेत्रों में शुरु हो चुकी गर्मी के बीच से आकर नगर में हल्की ठंडी हवाओं के साथ महसूस की जा रही हल्की ठंड का भी एक तरह से आनंद लेते नजर आये। पर्यटकों ने नैनी झील, मॉल रोड और आसपास के दर्शनीय स्थलों पर सैर का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और तापमान में हल्की गिरावट की संभावना बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story