अगले दाे दिन में पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार

WhatsApp Channel Join Now
अगले दाे दिन में पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार


देहरादून, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी,चमोली और पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी जनपद हरिद्वार और उधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

राजधानी देहरादून में बुधवार की सुबह हल्की ठंडक रही और दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल किसी बड़े मौसमीय बदलाव या चेतावनी की स्थिति नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने कहा है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है, हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का असर बना हुआ है। उन्होंने लोगों, विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों, से सावधानी बरतने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story