उत्तराखंड में हीट वेव का असर जारी, कई जिलों में लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में हीट वेव का असर जारी, कई जिलों में लू का अलर्ट


देहरादून, 21 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई मैदानी जिलों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जिलों सहित उत्तरकाशी के समीपवर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं ऊष्ण लहर चल सकती है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश, गर्जन तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 26 मई तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। 22 मई को देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा जनपदों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जिलों में अधिकतम तापमान 95 प्रतिशत से अधिक रिकॉर्ड किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अत्यधिक ऊपर बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story