उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अलर्ट, हीट वेव को लेकर स्कूल बंद

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अलर्ट, हीट वेव को लेकर स्कूल बंद


उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अलर्ट, हीट वेव को लेकर स्कूल बंद


देहरादून, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। देहरादून जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश जिले के सभी क्षेत्रों में लागू रहेगा।

मौसम विभाग ने सोमवार को जारी ताजा पूर्वानुमान में मैदानी इलाकों में बढ़ता तापमान, लू जैसे हालात को देखते हुए विशेष रूप से चेतावनी दी है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों (लगभग 4400 मीटर या उससे अधिक) में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा, गरज के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो सामान्य से अधिक है। पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई है, जिससे सूखे और गर्म मौसम की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर मैदानी क्षेत्रों में जहां तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है।

उत्तराखंड के देहरादून में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती के तौर पर आज (सोमवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार जिले में अत्यधिक तापमान और लू (हीट वेव) की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में भी दिनभर तीव्र गर्मी रहने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने मौजूदा परिस्थितियों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है, खासकर बच्चों और आम नागरिकों के लिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story