उत्तराखंड में बदला मौसम, पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान व्यापक वर्षा, गर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कई जिलों में भारी वर्षा और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज गुरुवार को सुबह से ही बदला हुआ नजर आया। राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान बादलों से घिरा रहा। सुबह के समय हल्की धूप बादलों की ओट से निकलती रही, जिससे मौसम में आंशिक उजाला बना रहा, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे के आसपास आसमान में काले घने बादल छाने लगे। इसके बाद कई क्षेत्रों में मौसम के और बिगड़ने के संकेत मिले।

गुरुवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों में भी अनेक स्थानों पर बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, भारी बर्फबारी, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झक्कड़ चलने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून में बादल, बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

राजधानी देहरादून में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 1-2 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story