जल संकट से निपटने के लिए सख्ती, नए जल कनेक्शन पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
जल संकट से निपटने के लिए सख्ती, नए जल कनेक्शन पर रोक


हल्द्वानी , 22 मई (हि.स.)। लगातार बढ़ते तापमान और आगामी दिनों में भीषण गर्मी एवं लू की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल संकट से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 25 मई से 20 जून 2026 अथवा मानसून शुरू होने तक विशेष प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

आदेशों के तहत जनपद में सभी नए पेयजल संयोजनों की स्वीकृति और निर्गमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। वहीं भवन निर्माण कार्यों के लिए पूर्व में स्वीकृत अस्थायी एवं निर्माणाधीन जल संयोजन भी निरस्त कर दिए गए हैं। प्रशासन ने वाहन सर्विस सेंटरों और धुलाई केंद्रों पर पानी से वाहन धोने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए केवल ड्राई वॉश प्रणाली की अनुमति दी है।

इसके अलावा सर्विस कनेक्शन में टुल्लू पम्प या सक्शन पम्प के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। निरीक्षण में ऐसा पाए जाने पर पम्प जब्त करने के साथ जल संयोजन काटने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पेयजल का उपयोग सिंचाई, वाहन धुलाई, फर्श धोने और अन्य गैर-जरूरी कार्यों में करने पर भी रोक लगाई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल पाइप लाइनों में लीकेज की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से जल संरक्षण में सहयोग करने और आदेशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई है।

--

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story