जल संस्थान के अनियंत्रित टैंकर ने दिल्ली की मां-बेटी को कुचला, गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
जल संस्थान के अनियंत्रित टैंकर ने दिल्ली की मां-बेटी को कुचला, गंभीर घायल


जल संस्थान के अनियंत्रित टैंकर ने दिल्ली की मां-बेटी को कुचला, गंभीर घायल


नैनीताल, 12 जून (हि.स.)। पर्यटन नगरी नैनीताल में आज सैलानियों की भारी भीड़ के दौरान पुराने घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में उत्तराखंड जल संस्थान का एक सीवरेज टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण टैंकर ने सड़क पर पैदल चल रही दिल्ली से घूमने आयी सैलानी मां-बेटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों टैंकर के नीचे आकर फंस गयीं और गंभीर घायल हो गईं।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पूरा जोर लगाकर टैंकर के नीचे फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सालय के लिए संदर्भित किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी 42 वर्षीय ऋतु डांग और उनकी 20 वर्षीय पुत्री भावी डांग (20) नैनीताल भ्रमण पर आई थीं। इसी दौरान पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का सीवरेज टैंकर अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ गया और दोनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कुछ दूरी तक वाहन के साथ घिसटती चली गईं। बताया गया कि टैंकर के ब्रेक फेल हो गए थे।

वाहन पहले बैरिकेड को घसीटते हुए एक दीवार से टकराया और फिर दूसरी दिशा में मुड़ गया। इस दौरान वह एक ईको कार से भी टकराया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि टैंकर कार से नहीं टकराता तो बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। दुर्घटना के बाद टैंकर का चालक टैंकर को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बीडी पांडे जिला चिकित्सालय की चिकित्सक डॉ. साधना ने बताया कि घायल मां-बेटी के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, इसके उपचार के लिये उन्हें उच्च चिकित्सालय भेजा गया है। घटना में दो अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story