दो साल से फरार इनामी गिरफ्तार, कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश

WhatsApp Channel Join Now
दो साल से फरार इनामी गिरफ्तार, कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश


हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपित अलीशान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर धोखाधड़ी और गबन के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं तथा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की कई पुलिस इकाइयां उसकी तलाश में जुटी थीं।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2024 को भगवानपुर थाने में शाकिब पुत्र अय्यूब निवासी सिकरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अलीशान ने उससे और उसके परिचित परवेज अली से तीन कारें किराये पर ली थीं, लेकिन बाद में धोखाधड़ी कर वाहनों को वापस नहीं किया। वाहन मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी भी दी। इस मामले में भगवानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहा था। कई बार दबिश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका, जिसके बाद एसएसपी ने उस पर 10 हजार का इनाम घोषित किया था।पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपित को बदरपुर बॉर्डर स्थित टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपित अलीशान मूल रूप से सहारनपुर के शेखपुरा कदीम का निवासी है और वर्तमान में डोईवाला, देहरादून में रह रहा था। उसके खिलाफ देहरादून, सहारनपुर और हरिद्वार में धोखाधड़ी, गबन, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वांछित चल रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story