जानलेवा फायरिंग करने का दूसरा आरोपित गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जानलेवा फायरिंग करने का दूसरा आरोपित गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद


‌

हरिद्वार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित पारस को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अवैध .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपित रितिक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, नौ अक्टूबर को अकोढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार पुत्र महिपाल ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अक्टूबर को आरोपित रितिक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं, दूसरा आरोपित पारस घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस टीम फरार आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान सुरागरसी और पतारसी के आधार पर पुलिस ने पारस को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित कहीं भागने की फिराक में था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपित पारस पुत्र बिट्टू निवासी केशव नगर, वार्ड नंबर 10, लक्सर के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है और मामले में शामिल अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764302 Articles

Share this story