सड़क पर गिरी मल्लीताल प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिरी

WhatsApp Channel Join Now
सड़क पर गिरी मल्लीताल प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिरी


नैनीताल, 21 मार्च (हि.स.)। नगर के मल्लीताल क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की हाईकोर्ट की ओर जाने वाली सड़क की ओर की दीवार शनिवार को अपराह्न लगभग सवा पांच बजे अचानक ढह गयी।

इसे नगर में पिछले दो दिन हुई बारिश का परिणाम माना जा रहा है। हालांकि आज नगर में बारिश नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दीवार काफी पुरानी थी और काफी दिनों से गिरने की स्थिति में लटकी हुई थी, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। दीवार सड़क पर आ गिरी है, और फिलहाल इसका मलबा उठाने का भी कोई प्रबंध नजर नहीं आ रहा है। दीवार के सड़क पर गिरने से इसके मलबे के कारण यातायात भी अवरुद्ध हो गया।

स्थानीय लोगों ने मलबे को श्रमदान कर यातायात को सुचारू करवाया। यह भी बताया गया है कि विद्यालय की दीवार का एक और हिस्सा भी कभी भी गिर सकता है। पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष व वर्तमान सभासद मुकेश जोशी ने बताया कि यह हिस्सा किसी को नुकसान न पहुंचाये, इसलिये इसे भी जनहित में समय से पहले गिराने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story