बेहतर सरकारी नीतियों व सुरक्षित माहौल से मिलता है व्यापार को बढ़ावा : अरूण

WhatsApp Channel Join Now
बेहतर सरकारी नीतियों व सुरक्षित माहौल से मिलता है व्यापार को बढ़ावा : अरूण


हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम व्यापारी संवाद के तहत भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने बिल्वकेश्वर कॉलोनी में भाजपा नेत्री अंजना चड्ढा के निवास पर स्थानीय सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की उपस्थिति में व्यापारियों से संवाद किया ।

राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि व्यापारी भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बेहतर सरकारी नीतियों व सुरक्षित माहौल से उद्योग व्यापार को बढ़ावा मिलता है। केन्द्र की स्थिर व मजबूत सरकार ने सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करते हुए जहां व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान किया। पहले जहां सरकारी मंजूरी में वर्षों लग जाते थे अब ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे ही अधिकांश कार्य सम्पन्न हो जाते हैं। ऑनलाइन बैंकिंग से व्यापार को गति मिली है।

सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों से उत्तराखण्ड का चहुंमुखी विकास हुआ है। आज प्रदेश तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है जिसमें हमारे व्यापारी भाईयों को महत्वपूर्ण योगदान है,जिन्होंने अपने अथक परिश्रम व कौशल से जहां केन्द्र व प्रदेश सरकार के राजस्व में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है वहीं प्रदेश को उन्नति के पथ पर अग्रसर किया है।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ऑल वेदर रोड, उन्नत हाईवे, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज आज हरिद्वार की पहचान बन रहे हैं। बेहतर सड़क मार्ग विकसित होने से जहां तीर्थयात्री, पर्यटकों का आवागमन बढ़ा है वहीं तीर्थनगरी हरिद्वार समेत उत्तराखण्ड के व्यापार में भारी वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में व्यापारी नेता कैलाश केसवानी, अनिरूद्ध भाटी, वीरेन्द्र चड्ढा,मेयर किरण जैसल, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, राजकुमार एडवोकेट, अनिल पुरी, महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पार्षद सचिन कुमार, विवेक मिश्रा, महेन्द्र अरोड़ा, संजीव वर्मन, राजीव मदान, कमल किशोर, दीपक मदान, अनिल, प्रतीक शर्मा, गोपाल महेश्वरी, कपिल अरोड़ा, दुर्गेश वर्मन, दलजीत सिंह, सतविंदर सिंह, देवेन्द्र सिंह, देवेन्द्र मलिक, भारत केसवानी, डॉ. विजय वर्मा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story