भारतीय पर्व-उत्सव समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोते हैं : मनोज निखरा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय पर्व-उत्सव समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोते हैं : मनोज निखरा


-विश्व संवाद केंद्र के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया सहभाग

देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय पर्व और उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के सशक्त माध्यम हैं। दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य मनोज निखरा ने गुरुवार को विश्व संवाद केंद्र, देहरादून की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में कही।

राजपुर रोड स्थित विश्व संवाद केंद्र परिसर में आयोजित समारोह में नगर के पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, समाज कल्याण और विश्व मंगल की कामना की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए मनोज निखरा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और उत्सव जीवन मूल्यों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुंचाने की महत्वपूर्ण परंपरा हैं। इनके माध्यम से समाज में पारस्परिक आत्मीयता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकात्मता का भाव मजबूत होता है। दीपावली हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी स्मरण कराती है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश केवल घरों को दीपों से रोशन करना नहीं, बल्कि अपने विचारों, व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी सकारात्मकता एवं सद्भाव का प्रकाश फैलाना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक आत्मीयता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने में सामूहिक उत्सवों की विशेष भूमिका है। ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को आपस में जुड़ने और सामाजिक सरोकारों पर संवाद करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष सुरेंद्र ने उपस्थित पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर दीपावली की शुभकामनाओं के साथ आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। समारोह में प्रांत प्रचार प्रमुख संजय,विभाग प्रचारक धनंजय, राजेश् सेठी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story