मतदाता सूची का घर-घर जाकर गहन सत्यापन करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : पुरुषोत्तम

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची का घर-घर जाकर गहन सत्यापन करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : पुरुषोत्तम


- मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश

देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए 20 से 27 नवंबर तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही करने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

गुरुवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेगा। इस दौरान नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटियों को चिह्नित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधार कराया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियां हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। इसके लिए नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 निर्धारित है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान एक ही मतदाता का नाम एक से अधिक मतदान केंद्रों या बूथों पर दर्ज होने की स्थिति में अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिह्नित किया जाए और नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से उन्हें हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 का हवाला देते हुए कहा कि कोई व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी जांच लें। किसी त्रुटि पर फार्म-8 और नाम दर्ज नहीं होने पर फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करें।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story