बिखरते परिवारों को जोड़ने में हरिद्वार पुलिस की पहल, ऐच्छिक ब्यूरो ने चार परिवारों में बनाई सहमति

WhatsApp Channel Join Now
बिखरते परिवारों को जोड़ने में हरिद्वार पुलिस की पहल, ऐच्छिक ब्यूरो ने चार परिवारों में बनाई सहमति


हरिद्वार, 24 अगस्त (हि.स.)। परिवारों को टूटने से बचाने और पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सभागार में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन में आयोजित बैठक की देखरेख नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन ओशीन जोशी ने की।

ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष गंभीर एवं जटिल पारिवारिक विवादों को काउंसलिंग के लिए रखा जाता है। बैठक में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और परिवार को टूटने से बचाने के लिए आपसी समझ, संवाद एवं सहमति का मार्ग अपनाने के लिए समझाया गया। काउंसलिंग के दौरान चार पारिवारिक प्रकरणों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और साथ रहने पर समझौता हुआ। वहीं, दो अन्य प्रकरणों में पक्षकारों को सोचने-समझने के लिए अग्रिम तिथि दी गई।

बैठक में नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन ओशीन जोशी (पुलिस उपाधीक्षक, क्षेत्राधिकारी रुड़की), मनोवैज्ञानिक असिस्टेंट प्रोफेसर अरुण कुमार, समाजशास्त्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता रीमा साहीम, समाजसेविका एवं प्रधानाचार्य रंजना शर्मा तथा प्रभारी महिला हेल्पलाइन मायापुर उपनिरीक्षक अंजना चौहान सहित ऐच्छिक ब्यूरो के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story