डीएम को कठूड़ में ग्रामीणों ने गिनवाई समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
डीएम को कठूड़ में ग्रामीणों ने गिनवाई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को विकासखंड खिर्सू के निर्मल ग्राम कठूड़ में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए, जिन पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को समय पर समस्याएं हल करने के निर्देश दिए। बुधवार को कठूड़ गांव में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने कोटी-कमेड़ा-कठूली सड़क निर्माण और पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग से गांव तक सड़क बनाने की मांग रखी। ग्रामीणों द्वारा पशुओं के चारे की समस्या उठाने पर जिलाधिकारी ने कृषि एवं उद्यान विभाग के सहयोग से नेपियर घास सहित चारा फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने जनता इंटर कॉलेज, जामणाखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न लिखकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता भी परखी। डीएम ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला अधूरी मिलने पर नाराजगी जताते और जल्द इसे विकसित करने के निर्देश दिए। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, जामणाखाल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवा व्यवस्था, साफ-सफाई और ओपीडी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने व चिकित्सालय के स्थायी भवन के लिए भूमि प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story