गुलदार के हमले से बचाव के लिए निकाली आक्रोश रैली

WhatsApp Channel Join Now
गुलदार के हमले से बचाव के लिए निकाली आक्रोश रैली


पौड़ी गढ़वाल, 17 मार्च (हि.स.)। बालमणा गांव में गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों व स्थानीय लोगों ने आक्रोश रैली निकालकर सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल्द ही गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। मंगलवार को बस अडडे से डीएम कार्यालय तक स्थानीय लोगों व ग्रामीणों ने आक्रोश रैली निकाली।

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि गुलदार के हमले के बाद बालमणा व आसपास के गांवों में दहशत बनी हुई है। लगातार गुलदार की गतिविधियां दिखने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कहा कि जल्द गुलदार के आतंक से निजात नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने गुलदार को शैडयूल वन से हटाने, गुलदार की मृत्यु होने पर 50 लाख का मुआवजा व घायल को 10 लाख और बीते दिनों गुलदार के हमले में मारे गए राज मिस्त्री के परिवार के एक सदस्य को स्थाई रोजगार देने संबंधी मांग उठाई। प्रदर्शन में विनोद धनोसी, पूजा देवी, सुंदरी देवी, महेश्वरी, भास्कर बहुगुणा, आस्कर रावत, मोहित सिंह, नीलम,सपना पंवार, तन्नू देवी, राजपाल सिंह, ज्योति देवी, संगीता, रवींद्र सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story