ऊर्जा निगम दफ्तर पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 01 मार्च (हि.स.)। जिले के डुंडा ब्लॉक के ढुंगालगांव में ऊर्जा निगम की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने विकास भवन उत्तरकाशी स्थिति ऊर्जा निगम दफ्तर में अधिशासी अभियंता का घेराव किया। साथ ही कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता ने काम करने से इन्कार किया जिससे लोगों का आक्रोश ओर बढ़ गया।

उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समस्या हल करने के साथ ही अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले लगभग पांच वर्षों से बिजली के खंभे झुके हुए हैं। कई खंभे तो झूल रहे हैं जिनमें कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बरसात और आंधी के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार ऊर्जा निगम से मौखिक और लिखित शिकायत की गई लेकिन समस्या जस की तस बनी है।

हादसे की आशंका के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता ने समस्या हल करने से इन्कार किया। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं किया गया तो उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधि पृथ्वीपाल मटूड़ा का कहना है कि यह मामला जनसुरक्षा से जुड़ा है इसलिए प्रशासन और ऊर्जा निगम को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। घेराव करने वालों में छात्र नेता विनय मोहन चौहान, पृथ्वीपाल सिंह मटूड़ा आदि मौजूद है।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

Share this story