भालू-गुलदार के आतंक के खिलाफ पोखरी में सड़कों पर उतरे ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
भालू-गुलदार के आतंक के खिलाफ पोखरी में सड़कों पर उतरे ग्रामीण


गोपेश्वर, 04 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में भालू और गुलदार के बढ़ते आतंक के खिलाफ बुधवार को जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। हमें बचाओ अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने विनायक धार से गोल बाजार तक जागरूकता रैली निकालकर सरकार और वन विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने वन्यजीवों के हमलों से निजात दिलाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने वन्यजीवों के बढ़ते हमलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में भयमुक्त वातावरण बनाने की मांग उठाई। इस दौरान हरिकृष्ण किमोठी, विधायक प्रतिनिधि धीरेंद्र राणा और पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रीति भंडारी ने कहा कि पहाड़ों में ग्रामीण भालू और गुलदार के भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर हैं। आए दिन आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही से लोगों में दहशत है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों का स्कूल जाना और ग्रामीणों का रोजमर्रा के कामों के लिए घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के आतंक से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। यदि सरकार और वन विभाग ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पहाड़ों से पलायन और तेज होगा। लोगों को अपने ही गांवों में असुरक्षित महसूस करना पड़ रहा है। वन विभाग को केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।

रैली के माध्यम से ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव संरक्षण के साथ मानव जीवन की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम करने और वन्यजीवों की आबादी में बढ़ती आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस दौरान पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, एडवोकेट श्रवण सती, कल्पना बत्र्वाल, लता बत्र्वाल, मंदोदरी पंत, अनीता देवी, जयप्रकाश डिमरी, राकेश रावत, प्रधान संघ अध्यक्ष तेजपाल रावत, देवेंद्र राणा, तरुण बिष्ट, मयंक नेगी, जगदीश नेगी, विकेंद्र नेगी, नवीन राणा, आशुतोष राणा, करन पंवार, सूरज खत्री, विशंभर मनवाल, धीरेंद्र रावत, प्रदीप नेगी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story