मेहर गांव में मकान ढहा,मलबे से तीन शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मेहर गांव में मकान ढहा,मलबे से तीन शव बरामद


मेहर गांव में मकान ढहा,मलबे से तीन शव बरामद


सतपुली, 18 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी गढ़वाल जिले के सतपुली क्षेत्र के मेहर गांव में मंगलवार एक मकान ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस, तहसील प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे से तीनों शव बरामद कर लिए।

जिला नियंत्रण कक्ष से मकान ढहने और उसमें लोगों के दबे होने की सूचना मिलने के बाद सतपुली पोस्ट प्रभारी उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मलबा हटाकर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान मलबे से एक-एक कर तीन शव बरामद किए गए। बरामद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटनास्थल के सभी संभावित स्थानों की गहन जांच के बाद किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की संभावना नहीं मिलने पर बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।

मृतकों में 80 वर्षीय मथुरा देवी पत्नी स्वर्गीय प्रताप सिंह और 44 वर्षीय धीरेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रताप सिंह शामिल हैं। दोनों मेहर गांव के निवासी थे। तीसरा मृतक पांच वर्षीय बालक है,जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

उधर, रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी के सेमी-भैंसारी गांव के पास मंगलवार को बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ, पुलिस और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर तीनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान शाहजहांपुर निवासी संदीप (22), विजय (19) और सुरजीत (21) के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story