विकासनगर में बंद मकान से चली गोली, युवक की मौत; महिला गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
विकासनगर में बंद मकान से चली गोली, युवक की मौत; महिला गंभीर घायल


देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार को बंद मकान से गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में एक युवक मृत और एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:19 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली विकासनगर को कल्याणपुर क्षेत्र में एक बंद मकान से गोली चलने की सूचना मिली। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

पुलिस ने बताया कि कमरे में एक महिला गंभीर रूप से घायल और एक पुरुष मृत अवस्था में मिला। घायल महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस से निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया,जहां से उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर किया गया और उपचार जारी है।

मृतक की पहचान कमलेश पुत्र दौलत सिंह निवासी हयो,थाना चकराता के रूप में हुई है,जबकि घायल महिला की पहचान संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह निवासी ग्राम भटाणु,त्यूणी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि मकान रविंद्र बिष्ट का है,जिसमें संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराये पर रहती थी। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा,एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story