धर्म सत्ता के बिना अधूरी है राज सत्ता : विजयवर्गीय
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। हरिद्वार आए मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भूपतवाला स्थित अखण्ड दयाधाम आश्रम में परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया और कहा कि धर्म सत्ता के बिना राज सत्ता अधूरी है। संत महापुरूषों के सानिध्य में प्राप्त आध्यात्मिक मार्गदर्शन से ही सत्ता को जनकल्याण की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा देवभूमि उत्तराखंड का प्रवेशद्वार हरिद्वार संतों और अध्यात्म की नगरी है। हरिद्वार के संतों ने समाज को धर्म और अध्यात्म के मार्ग पर अग्रसर करने के साथ सांस्कृतिक रूप एकजुट करने में हमेशा ही अहम भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज के मार्गदर्शन में अखण्ड दयाधाम धार्मिक गतिविधियों और सेवा के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय संतों का सम्मान करते हैं। संतों का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है। भास्करानंद महाराज ने बताया कि 24 जून बुधवार को संत महापुरूषों, गणमान्य अतिथीयों और श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति में अखण्ड दयाधाम का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन के पश्चात 25 जून से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें वे स्वयं देश विदेश से आए श्रद्धालु भक्तों को कथा का श्रवण कराएंगे। राम मंदिर में चंदा चोरी के कथित आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह प्रबंधन और व्यवस्थाओं में कमी का मामला है। मनुष्य के अंतर्मन का कुछ पता नहीं चलता है। कुछ लोगों ने भगवान के धन की चोरी कर ली। लेकिन मामले को जिस तरह संभाला जा रहा है और दोषियों के धन की रिकवरी के जो प्रयास किए जा रहे हैं, वह महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष होने वाला हरिद्वार कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। कुंभ मेले के माध्यम से पूरे विश्व को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा। जिससे सनातन का प्रभाव पूरे विश्व में बढ़ेगा। महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज की शिष्या साध्वी कृष्णानंद ने बताया कि उद्घाटन समारोह में महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती, महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी, अटल अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सहित सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष, गणमान्य व्यक्ति व श्रद्धालुजन शामिल होंगे। इस दौरान कार्यक्रम आयोजक इंदौर निवासी कनकलता, प्रेमचंद गोयल, कृष्णा, विजय गोयल, समाजसेवी श्याम अग्रवाल भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

