बीएचईएल ने हेतमपुर व आन्नेकी गांव में चलाया सतर्कता जागरूकता अभियान
हरिद्वार, 12 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार बीएचईएल हरिद्वार की ओर से चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत समीपवर्ती हेतमपुर व आन्नेकी गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 16 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके उन्मूलन में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा के साथ हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों का पालन करने तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
बीएचईएल के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्रीय सतर्कता आयोग की मुहिम के उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही, भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में आमजन की भूमिका और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बीएचईएल हरिद्वार के प्रमुख (सतर्कता) आर.के. श्रीवास्तव सहित सतर्कता एवं सीएसआर विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अंकित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

