पुलिस का वाहन चोरों पर बड़ा प्रहार, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस का वाहन चोरों पर बड़ा प्रहार, दो आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)।वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी उत्तराखंड और यूपी में सक्रिय थे।

17 अगस्त 2026 को आस मोहम्मद निवासी बिझोली ने ग्राम लाठदेवा शेख से अपनी हीरो स्प्लेंडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।

जांच में पुलिस ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे।

इसी दौरान चेकिंग में मुखबिर की सूचना पर फाजिलपुर चौराहे के पास दो आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से 18 अन्य बाइक बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरमान पुत्र मुज्जमिल निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर और मोनू पुत्र महेंद्र निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, यूपी, हाल निवासी शक्ति विहार, गंगनहर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामद बाइकों में दो झबरेड़ा, एक हरिद्वार नगर, एक रुड़की और एक सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र से चोरी हुई थीं। अन्य बाइकों के बारे में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि अरमान के खिलाफ झबरेड़ा, गंगनहर, हरिद्वार नगर, सिविल लाइंस रुड़की और सहारनपुर में मुकदमे दर्ज हैं। मोनू के खिलाफ भी झबरेड़ा, हरिद्वार नगर, सहारनपुर और रुड़की में वाहन चोरी के केस हैं। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story