नशे की लत ने बनाया वाहन चोर, पुलिस ने दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
नशे की लत ने बनाया वाहन चोर, पुलिस ने दबोचा


हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर वाहन चोर को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गईं कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपित पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में उपनिरीक्षक विकास रावत के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम बहादराबाद के पास से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की तो वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हुआ।

आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहनों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था, जिससे किसी को उन पर शक न हो। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया और वहां छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों का मिलान बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से किया। जांच में पांच मोटरसाइकिलें मुकदमें से संबंधित पाई गईं। इसके अलावा आरोपित की निशानदेही पर पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं। इनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य बाइक शामिल हैं। इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व और चोरी से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित पूर्व में भी थाना पिरान कलियर और भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को पुलिस कब्जे में लिया गया है। आरोपी दीपक की उम्र 27 वर्ष बताई गई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story