चोरी की बाइक समेत दो वाहन चोर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चोरी की बाइक समेत दो वाहन चोर गिरफ्तार


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। सिडकुल पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। थाना सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया हुआ था।

गुरुवार को उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा पुलिस टीम के साथ बहादराबाद-सिडकुल हाईवे स्थित डेन्सो चौक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान दिशांत कुमार पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी खेड़ी भोजपुरा थाना किरतपुर जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश हाल निवासी शिवम विहार कॉलोनी थाना सिडकुल और तोसीन पुत्र शमशाद निवासी ग्राम कव्वाल थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी महादेवपुरम फेस-2 थाना सिडकुल के रूप में बताई।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि उनके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले शिवम विहार कॉलोनी क्षेत्र से चोरी की गई थी और वे उसे बेचने के लिए बिजनौर ले जा रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें मुंजाल शोवा कंपनी के पीछे से बरामद की हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story