ऑपरेशन ‘प्रहार’: 6 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन ‘प्रहार’: 6 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार


हरिद्वार, 19 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली रानीपुर क्षेत्र निवासी गीता पत्नी कमल गुप्ता ने 18 अप्रैल को ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी मोटरसाइकिल 17 अप्रैल को जमालपुर खुर्द स्थित इंडस्ट्रियल एरिया से चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में गठित टीमों ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने शिवालिक नगर स्थित वरदान अस्पताल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेर अली (42 वर्ष), निवासी धमपुरा थाना पथरी, तथा फरीद (24 वर्ष), निवासी सराय आशियाना होटल के पास थाना ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। वे वाहन को सिडकुल क्षेत्र में कबाड़ी को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story