सीसीटीवी के जाल में फंसा वाहन चोर गिरोह, 12 बाइक संग तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सीसीटीवी के जाल में फंसा वाहन चोर गिरोह, 12 बाइक संग तीन गिरफ्तार


हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। ऑपेरशन प्रहार अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें हरिद्वार, कलियर और हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन कर उनसे पूछताछ की गई।

11 जून को खेलपुर रोड से खानपुर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपितों में सहारनपुर का कुलदीप सैनी निवासी अम्बेहटी, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.), कुलदीप कुमार निवासी दादनौर, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.) और मुनव्वर नवासी कुण्डाकला, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.) शामिल हैं। इनमें से कुलदीप सैनी पर चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कुलदीप कुमार के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। तीसरे आरोपी मुनव्वर के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

बरामद वाहनों में भगवानपुर और कलियर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलों के अलावा हिमाचल प्रदेश के बद्दी जनपद से चोरी हुई एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story