चेकिंग अभियान, 62 वाहनों के चालान, चार बसें सीज

WhatsApp Channel Join Now
चेकिंग अभियान, 62 वाहनों के चालान, चार बसें सीज


हरिद्वार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार को सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 62 वाहनों के चालान किए गए और गंभीर अनियमितता पर चार बसें सीज की गईं।

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में संभागीय निरीक्षक तकनीकी आनंद वर्धन की टीम ने स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों की सघन जांच की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के अनुसार कई बसों में परमिट शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का निर्धारित प्रयोजन से अलग इस्तेमाल और स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव मिला।

अभियान में बसों के रिफ्लेक्टर, फिटनेस प्रमाणपत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। तकनीकी टीम ने सुरक्षा उपकरणों और संरचना में बदलाव का निरीक्षण किया। गंभीर कमियां मिलने पर चार बसें सीज की गईं।

स्लीपर और लग्जरी बसों के अलावा व्यावसायिक व मालवाहक वाहनों की भी जांच हुई। ओवरलोडिंग और दस्तावेजों की कमी पर कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनपद में प्रवेश करने और यहां से संचालित बसों के परमिट, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों की जांच कर उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story