त्यूणी क्षेत्र में खाई में गिरा वाहन, चालक की मौत
देहरादून, 25 अप्रैल (हि. स.)। जनपद देहरादून के त्यूणी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 06:04 बजे स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ को सूचना दी कि हटाल और फिडिज पुल के मध्य एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम त्यूणी पोस्ट से आरक्षी बलवंत सिंह के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि आईसर वाहन (यूके- 07 सीडी- 5049) लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है। वाहन में केवल चालक सवार था, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
एसडीआरएफ ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए चालक का शव खाई से बाहर निकाला। स्ट्रेचर के माध्यम से स्थानीय लोगों की मदद से शव को सड़क तक लाकर जिला पुलिस को सुपुर्द किया गया। मृतक की पहचान विपिन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सोबेंद्र लाल, निवासी ग्राम भद्रासु, खरसाड़ी, मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

