वंदे मातरम्’ का आधा-अधूरा गायन बलिदानियों के बलिदान का अपमान: मुख्यमंत्री
देहरादून, 20 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से ‘वंदे मातरम्’ के आधे-अधूरे गायन को लेकर लिए गए निर्णय पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह निर्णय देश की भावनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति के लिए पहले भी ‘वंदे मातरम्’ को बांटने का प्रयास कर चुकी है और अब उसी मानसिकता को दोहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं,बल्कि स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रीय भाव है।
धामी ने कहा कि पूर्ण ‘वंदे मातरम्’में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का स्मरण होता है। उत्तराखंड देवभूमि है और यहां मां नंदा-सुनंदा,मां धारी देवी,मां पूर्णागिरि और मां ज्वालपा देवी सहित अनेक देवी-देवताओं के प्रति गहरी आस्था है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए क्या देश की भावनाओं और सांस्कृतिक विरासत से समझौता किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि वह‘वंदे मातरम्’के विरोध में क्यों खड़ी है और उन अमर बलिदानियों के बलिदान की भावना के विपरीत क्यों जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

