यूटीयू पेपर लीक मामले में छात्रों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
यूटीयू पेपर लीक मामले में छात्रों में आक्रोश


देहरादून, 23 जुलाई (हि.स.)। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर छात्रों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच,दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग की।

डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्र-युवा साथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक की घटनाएं छात्रों की मेहनत, समय और भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की।

सिद्धार्थ अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के कारण प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यूटीयू में पहले भी सॉफ्टवेयर से जुड़े मामलों को लेकर आंदोलन किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ.वीके पटेल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और छात्रों को परेशानियों से निजात दिलाने के लिए विश्वविद्यालय को विशेष कैंप लगाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार को पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस नेता सुमित खन्ना,पूर्व डीएवी छात्र संघ अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तेजस्वी राणा, जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, डीबीएस कॉलेज अध्यक्ष हर्ष राणा, कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिरला, प्रदेश महासचिव रविंद्र जूनियर सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story