8 नवंबर की मध्यरात्रि से फिर शुरू होगा ऊपरी गंगनहर में पानी का संचालन

WhatsApp Channel Join Now
8 नवंबर की मध्यरात्रि से फिर शुरू होगा ऊपरी गंगनहर में पानी का संचालन


हरिद्वार, 07 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण कार्यों के लिए बंद की गई ऊपरी गंगनहर में 8 नवंबर की मध्यरात्रि से फिर पानी का संचालन शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन से इसके लिए अनुमति मिल गई है। नहर का संचालन शुरू होने से पहले संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को नहर के बहाव क्षेत्र से निर्माण सामग्री, मशीनरी और अस्थायी व्यवस्थाएं हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

ऊपरी गंगनहर के अधिशासी अभियंता, उत्तरी खंड गंगनहर रुड़की ने बताया कि 20-21 अक्टूबर की मध्यरात्रि से नहर का संचालन बंद किया गया था। इस दौरान कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को देखते हुए उत्तराखंड शासन के विभिन्न विभागों की ओर से पुरानी आपूर्ति धारा, नई आपूर्ति धारा, लिंक चौनल, ऊपरी गंगनहर, मायापुर स्केप और सिल्ट इजेक्टर चैनल में निर्माण कार्य कराए जा रहे थे।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि नहर बंदी के दौरान निर्माण कार्यों के लिए बनाए गए अस्थायी बंध, डायवर्जन, मिट्टी, निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य उपकरणों को नहर की बेड से समय रहते हटा लिया जाए। साथ ही श्रमिकों से संबंधित व्यवस्थाएं भी बहाव क्षेत्र से बाहर करने को कहा गया है।

अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि नहर में पानी का प्रवाह शुरू होने पर किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री या मशीनरी बाधा न बने। लापरवाही से जान-माल के नुकसान और अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773798 Articles

Share this story