यूपीसीएल में मीटर रीडरों से सीधे संवाद,शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
यूपीसीएल में मीटर रीडरों से सीधे संवाद,शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित के निर्देश


देहरादून, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने बुधवार को मीटर रीडरों के साथ सीधे संवाद कर फील्ड स्तर पर विद्युत बिलिंग व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने मीटर रीडरों को प्रत्येक कनेक्शन की वास्तविक और समयबद्ध रीडिंग दर्ज करने तथा अपने कार्यक्षेत्र में शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि मीटर रीडर विभाग और उपभोक्ता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। फील्ड स्तर पर आने वाली उनकी समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को समझकर उनका समाधान करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने मीटर रीडरों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सही, समयबद्ध और वास्तविक मीटर रीडिंग बेहतर बिलिंग व्यवस्था की आधारशिला है। मीटर रीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि का सीधा असर बिलिंग दक्षता और उपभोक्ता संतुष्टि पर पड़ता है। इसलिए प्रत्येक कनेक्शन की रीडिंग निर्धारित समय सीमा में वास्तविक मीटर के आधार पर सावधानीपूर्वक दर्ज की जाए।

बैठक में मीटर रीडरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करें। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों और मीटर रीडरों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बेहतर बिलिंग, राजस्व प्रबंधन और उपभोक्ता सेवा सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story