ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अभियंताओं की भूमिका अहम : पीसी ध्यानी

WhatsApp Channel Join Now
ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अभियंताओं की भूमिका अहम : पीसी ध्यानी


देहरादून, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में मंगलवार को इंजीनियर्स डे के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि अभियंताओं की भूमिका तकनीकी दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत बनाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में यूपीसीएल के निदेशक (वितरण एवं परियोजना), निदेशक (वित्त), अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) और अधिशासी निदेशक (तकनीकी) सहित यूपीसीएल व पिटकुल के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न स्थानों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने ऑनलाइन माध्यम से अभियंताओं और अधिकारियों को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए अभियंताओं की तकनीकी दक्षता, नवाचार और टीम भावना को ऊर्जा क्षेत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न एवं महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस दौरान उनके योगदान, दूरदर्शिता और इंजीनियरिंग क्षेत्र में स्थापित उच्च मानकों को याद किया गया।

कार्यक्रम में यूपीसीएल और पिटकुल के अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न टीम आधारित गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसके माध्यम से आपसी संवाद, टीम भावना और सौहार्द को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलाव, डिजिटलाइजेशन, आधुनिक प्रणालियों के उपयोग, दक्षता बढ़ाने और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए। अभियंताओं से तकनीकी ज्ञान के साथ नवाचार, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान की दक्षता निरंतर विकसित करने पर जोर दिया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story