नए विद्यार्थियों को दी शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
नए विद्यार्थियों को दी शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी


हल्द्वानी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र में रविवार को जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षार्थियों को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्था और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन लोगों के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो व्यक्तिगत, सामाजिक या व्यावसायिक परिस्थितियों के कारण नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते।

उन्होंने शिक्षार्थियों से नियमित अध्ययन करने, समय पर असाइनमेंट जमा करने और समय प्रबंधन पर ध्यान देने का आह्वान किया।

डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना, उद्देश्यों और मॉडल अध्ययन केंद्र की भूमिका की जानकारी दी।

प्रो. गिरिजा पांडे ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित रूप से ईमेल जांचने की सलाह दी।

प्रो. जीतेन्द्र पांडे ने स्व-अध्ययन, अनुशासन और नियमितता को सफलता के लिए आवश्यक बताया। प्रो. एम.एम. जोशी ने अध्ययन केंद्रों को शिक्षार्थियों और विश्वविद्यालय के बीच महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी बताया।

डॉ. सुमित प्रसाद ने प्रवेश प्रक्रिया, स्टूडेंट वन व्यू पोर्टल और स्व-अध्ययन सामग्री प्राप्त करने की जानकारी दी। डॉ. दीपांकुर जोशी ने अध्ययन सामग्री के वितरण के संबंध में शिक्षार्थियों को अपने संपर्क विवरण अद्यतन रखने की सलाह दी।

प्रो. आशुतोष भट्ट ने परीक्षा आवेदन, असाइनमेंट, बैक परीक्षा और अंक सुधार प्रक्रिया की जानकारी दी। डॉ. राजेश मठपाल ने प्रायोगिक कार्यों एवं कार्यशालाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story