हरिद्वार में राशन कार्डों की जांच, 462 कार्ड रद्द, 2202 यूनिट निरस्त

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में राशन कार्डों के विशेष सत्यापन अभियान के तहत प्रशासन ने अपात्र एवं दोहरे लाभ लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 462 राशन कार्ड और 2202 यूनिट निरस्त कर दी हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों में ऐसे कई परिवारों के मामले सामने आए हैं, जो दोनों राज्यों में राशन कार्ड बनवाकर गैस कनेक्शन, आयुष्मान समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का अनुचित लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

शासन के निर्देशों तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गठित टीमों द्वारा जनपद में विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 28 अप्रैल 2026 से 8 जून 2026 तक कुल 20,861 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया।

सत्यापन के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम, अपात्र, मृतक तथा लंबे समय से बाहर निवास कर रहे लाभार्थियों की पहचान की गई। इसके आधार पर 462 राशन कार्डों को निरस्त करने के साथ ही 2202 यूनिट भी हटाई गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और पात्र लाभार्थियों तक ही सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story