संतान सुख की कामना को 23 नवंबर को होगा खड़ा दीपों का अनुष्ठान

WhatsApp Channel Join Now


पौड़ी गढ़वाल, 14 नवंबर (हि.स.)। गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में 23 नवंबर को संतान सुख की कामना को लेकर पारंपरिक खड़ा दीपों के यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस अनूठे अनुष्ठान में संतान की कामना लेकर आने वाली माताएं पूरी रात हाथों में प्रज्वलित दीपक लेकर महादेव की आराधना करेंगी।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बनी हुई है। वहीं समिति के संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि अब तक छह दंपती अनुष्ठान के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। इस वर्ष स्थान की सीमित उपलब्धता के चलते अधिकतम दस माताओं को ही अनुष्ठान में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि खड़ा दिया अनुष्ठान के बाद जिन परिवारों को संतान सुख की प्राप्ति होती है, उनके बच्चों का नामकरण संस्कार अगले वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी मेले में मंदिर परिसर के सार्वजनिक मंच पर निशुल्क कराया जाता है। मंदिर समिति का उद्देश्य इस परंपरा के माध्यम से श्रद्धालु परिवारों को आस्था के साथ सामाजिक सम्मान और सहयोग देना भी है। समिति ने श्रद्धालुओं से मेले में पहुंचकर महादेव का आशीर्वाद लेने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story