जनगणना में लगे शिक्षकों को कार्यमुक्त करने की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 19 अप्रैल (हि.स.)।राजकीय शिक्षक संघ ने जनगणना एवं भवन गणना कार्य में लगे शिक्षकों को एकतरफा कार्यमुक्त नहीं किए जाने पर संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्या का हल निकालने की मांग की है।

संघ की ओर से डीएम को भेजे गए ज्ञापन में संघ के जिलाध्यक्ष भवान सिंह नेगी और जिला मंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रगणक व पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन विभाग या संस्थाध्यक्षों की ओर से उन्हें स्कूल से कार्यमुक्त करने संबंधी स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में शिक्षकों को स्कूल समय के बाद दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचना पड़ता है, जहां देर शाम जंगल के रास्तों से गुजरने के दौरान जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। इसके अलावा भीषण गर्मी और लू के बीच अतिरिक्त कार्य करने से स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने डीएम से सुरक्षित तरीके से निर्धारित समय में कार्य को पूरा करने को लेकर जनगणना और भवन गणना कार्य में लगे शिक्षकों को एकतरफा कार्यमुक्त करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story