सितंबर में तीन चरणों में होगा खेल महाकुंभ, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप तक पहुंचेगी प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
सितंबर में तीन चरणों में होगा खेल महाकुंभ, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप तक पहुंचेगी प्रतिभा


पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त (हि.स.)।जनपद में सितंबर माह के दौरान खेल महाकुंभ का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर आयोजित होंगी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन पूरी पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और जनभागीदारी के साथ कराया जाए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी।

डीएम ने प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र तैयार करने, विद्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार, शिक्षकों की समय पर तैनाती तथा खेल स्थलों का चयन कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक उपचार और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विकासखंडों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। डीएम ने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आयोजन से जोड़कर अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के प्रथम सप्ताह के परिणाम भी घोषित किए गए।

'सूर्य नमस्कार' प्रतियोगिता में सोनम रावत प्रथम, सूरजपाल सिंह द्वितीय और तनुजा रावत तृतीय रहीं। वहीं 'मेरा जनपद–मेरी पहचान' प्रतियोगिता में वंशिका नेगी प्रथम, शर्मिला द्वितीय और तनुराग रावत तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी अधिक से अधिक युवाओं से भागीदारी की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story