उक्रांद ने 16 विधानसभा सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, पहली सूची जारी

WhatsApp Channel Join Now
उक्रांद ने 16 विधानसभा सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, पहली सूची जारी


-फाइव-लेयर सिस्टम के तहत हुआ चयन, दूसरी सूची जल्द जारी करने की तैयारी

देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए शनिवार को 16 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने संसदीय बोर्ड की संस्तुति के आधार पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, केंद्रीय संगठन मंत्री एवं केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट ने संयुक्त रूप से पार्टी की चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों की जानकारी दी।

पार्टी की ओर से घोषित सूची के अनुसार, पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी को पिथौरागढ़, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी को द्वाराहाट से, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसी तरह राजपुर (अनुसूचित जाति) से देव चंद्र उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डी.डी. पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता (अनुसूचित जनजाति) से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और घनसाली से चंदन सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

उक्रांद के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन में फाइव-लेयर सिस्टम अपनाया गया है। इसके तहत पार्टी के प्रति निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी ने बताया कि शेष सीटों के लिए चयन प्रक्रिया जारी है और संसदीय बोर्ड की संस्तुति के बाद दूसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी। पार्टी का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से उतरने और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story