'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के स्थल को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के स्थल को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने


देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक ड्रामा करने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने नगर प्रशासन पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए परेड ग्राउंड उपलब्ध नहीं कराने पर विरोध की चेतावनी दी है।

भाजपा की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यदि कांग्रेस का उद्देश्य वास्तव में छात्रों से संवाद करना है तो कार्यक्रम का स्थल विवाद का विषय नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है। श्री भट्ट ने दावा किया कि कार्यक्रम छात्रों के मुद्दों पर गंभीर संवाद की बजाय एक पूर्व नियोजित राजनीतिक आयोजन है।

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 17 जुलाई को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने 10 जुलाई को नगर निगम की निर्धारित प्रक्रिया के तहत 15 से 17 जुलाई तक मैदान आरक्षित कराया था और इसके लिए 1.77 लाख रुपये शुल्क भी आरटीजीएस के माध्यम से जमा किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद नगर प्रशासन अनुमति देने में विलंब कर रहा है। श्री गोदियाल ने कहा कि यदि निर्धारित समय पर कांग्रेस को परेड ग्राउंड उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसे प्रशासन की मनमानी माना जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मंगलवार रात 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने और इसके बाद परेड ग्राउंड जाकर पंडाल निर्माण कार्य शुरू कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के अनुसार 17 जुलाई को आयोजित'छात्रों की गूंज'कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। नगर प्रशासन की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story