चारधाम यात्रा पर नकारात्मक माहौल न बनाया जाए: मुख्यमंत्री धामी

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा पर नकारात्मक माहौल न बनाया जाए: मुख्यमंत्री धामी


- मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को बताया, प्रदेश की आर्थिकी की ‘लाइफलाइन’

देहरादून, 28 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड की आर्थिकी का आधार है और इसे किसी भी तरह की राजनीति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर रील बनाकर चारधाम यात्रा को विवादों में घसीटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार या बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की आलोचना की जा सकती है, लेकिन आस्था के इस पवित्र आयोजन को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से केदारनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान शिव का पावन स्थल है और सरकार यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। यह लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ी हुई है, इसलिए सभी को यात्रा और यात्रियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।

गैस आपूर्ति को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी प्रकार का संकट नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी हाल ही में केंद्रीय स्तर पर चर्चा हुई है और आपूर्ति सामान्य है।उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक स्तर पर है, लेकिन भारत स्थिति को संभालने में सक्षम है।

वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की स्थिति मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कोविड-19 महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी आशंकाएं जताई गई थीं, लेकिन भारत ने न केवल स्थिति को नियंत्रित किया, बल्कि अन्य देशों की भी मदद की। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि चारधाम यात्रा को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखें और अफवाहों या नकारात्मक प्रचार से बचें, ताकि प्रदेश की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों सुदृढ़ रह सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story