तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प, धामी बोले- झूठ और भ्रम का दें मुंहतोड़ जवाब

WhatsApp Channel Join Now
तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प, धामी बोले- झूठ और भ्रम का दें मुंहतोड़ जवाब


देहरादून, 08 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने के संकल्प के साथ पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे झूठ,भ्रम और अफवाहों का तथ्यात्मक जवाब देने और सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक तस्वीर जनता के सामने मजबूती से रखने को कहा।

हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए गढ़वाल मंडल के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक को मुख्यमंत्री संबोधित कर रहे थे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा है, जिसमें सफलता के लिए हर स्तर पर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार और संगठन की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष उत्तराखंड में परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। नकल के एक मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने इसमें सख्त कार्रवाई की और नकल माफिया के खिलाफ कठोर कदम उठाए गए हैं।

धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी जनता तक लगातार पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मंडल अध्यक्षों को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि मंडल अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भट्ट ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया में पार्टी कार्यकर्ताओं को गंभीरता से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम पैदा कर रहा है, जबकि भाजपा का उद्देश्य उत्तराखंड की सुरक्षा और मतदाता सूची की शुचिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों का लाभ जनता को मिल रहा है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का संदेश अधिक प्रभावी तरीके से घर-घर तक पहुंचाएं।

बैठक में तिरंगा यात्रा,‘हर घर तिरंगा’ अभियान, संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस, ‘मन की बात’ और बूथ सशक्तिकरण सहित आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने संत शिरोमणि रविदास जयंती के तहत आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए अब तक संपन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन और सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों से इसे प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संचालन में आयोजित बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story