यूजेवीएनएल के विद्युतगृहों ने लक्ष्य से अधिक उत्पादन कर बनाया रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
यूजेवीएनएल के विद्युतगृहों ने लक्ष्य से अधिक उत्पादन कर बनाया रिकॉर्ड


देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। यूजेवीएन लिमिटेड के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 उत्पादन की दृष्टि से उल्लेखनीय उपलब्धियों वाला वर्ष रहा है। सीमित जल उपलब्धता के बावजूद निगम के अधिकांश विद्युतगृहों ने निर्धारित लक्ष्यों को पार करते हुए रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया है।

निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बुधवार काे विभाग की उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कुशल प्रबंधन, बेहतर कार्ययोजना और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के चलते ही निगम ने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी यह रिकॉर्ड हासिल किया है। इस वर्ष कम वर्षा और हिमपात के कारण नदियों का जलस्तर अधिकांश समय कम रहा, फिर भी योजनाबद्ध संचालन और रखरखाव के चलते मशीनों की उपलब्धता लगभग 90 प्रतिशत बनी रही, जिसने उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वृहद, मध्यम और लघु जल विद्युत परियोजनाओं के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी।

उन्होंने बताया कि ढकरानी, ढालीपुर, कुल्हाल, तिलोथ, चीला, रामगंगा, व्यासी, गलोगी, दुनाव, उर्गम, कालीगंगा प्रथम एवं द्वितीय तथा मध्यमहेश्वर विद्युतगृहों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्यों से अधिक विद्युत उत्पादन किया है।

जारी आंकड़ों के अनुसार ढकरानी लक्ष्य 101 उत्पादन 126.170, ढालीपुर 220/226.654, कुल्हाल 140/147.574, व्यासी 331/348.864,तिलोथ 467/482.355), चीला 616/645 और रामगंगा 290/326.727 विद्युतगृहों ने लक्ष्य से अधिक उत्पादन किया। इसी क्रम में गलोगी 7/8.103, दुनाव 2.4/3.017, उर्गम 7.1/7.665, काली गंगा-प्रथम 8/8.224, काली गंगा-द्वितीय 12/12.221 और मध्यमहेश्वर (32/33.781) ने भी अपने लक्ष्य को पार किया। इसके अतिरिक्त खटीमा विद्युतगृह ने 21.230 मिलियन यूनिट उत्पादन दर्ज किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story