यूजेवीएनएल बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
यूजेवीएनएल बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी


यूजेवीएनएल बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी


देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के निदेशक मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी देते हुए राज्य की प्रमुख जलविद्युत एवं पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को आगे बढ़ाने संबंधी कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई।

यह बैठक गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव एवं यूजेवीएनएल के अध्यक्ष आनंदवर्धन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह की यह पहली बोर्ड बैठक थी। बैठक में उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को राज्य सरकार के शासनादेश के अनुरूप 'समान कार्य के लिए समान वेतन' के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बोर्ड ने 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना और 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना के प्रथम चरण की आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के शीयर जोन उपचार से जुड़े अतिरिक्त कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई।

बैठक में सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना की आवश्यक औपचारिक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने और लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में मुख्य सचिव आनंदवर्धन ने प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ.आर.मीनाक्षीसुंदरम,स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पांडे, बी.पी. पांडे, पराग गुप्ता, अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद, निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चंद्र बलूनी, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी सहित निदेशक मंडल के सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story