आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग, हरिद्वार में सामान्य वर्ग ने भरी हुंकार

WhatsApp Channel Join Now
आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग, हरिद्वार में सामान्य वर्ग ने भरी हुंकार


हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। लक्सर रोड स्थित रानीमाजरा के रुबराज वेंकट हॉल में रविवार को सामान्य वर्ग एकता मंच के आह्वान पर यूजीसी रोलबैक और आरक्षण सुधार को लेकर बड़ी जनसभा हुई। हरिद्वार के ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों और आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

जनसभा में वक्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा, समान अवसर और प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता की मांग उठाई।

शामली से पहुंचे ठाकुर पूरण सिंह चौहान ने कहा कि कानून का उद्देश्य न्याय होना चाहिए। उन्होंने सामान्य वर्ग से लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आवाज उठाने तथा चुनावों में राजनीतिक दलों से सवाल पूछने का आह्वान किया।

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्र ने कहा कि आजादी के बाद दशकों से आरक्षण लागू है, इसके परिणामों का निष्पक्ष मूल्यांकन जरूरी है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य वर्ग के युवाओं में असंतोष है। व्यवस्था में प्रतिभा, आर्थिक स्थिति और वास्तविक वंचना को महत्व मिलना चाहिए।

ब्राह्मण महासभा उत्तराखंड अध्यक्ष पं. पदमप्रकाश शर्मा ने सामाजिक नीतियों पर स्वस्थ बहस को लोकतंत्र का हिस्सा बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष बलवंत सिंह चौहान ने कहा कि अब तथ्याधारित विमर्श की जरूरत है।

जनसभा के बाद लोगों ने महाराणा प्रताप चौक तक पैदल मार्च कर उपजिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन सौंपा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story