दून में बनेगा अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान, 132 एकड़ में हो रहा विकास कार्य अंतिम चरण में

WhatsApp Channel Join Now
दून में बनेगा अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान, 132 एकड़ में हो रहा विकास कार्य अंतिम चरण में


देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.)। राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को 132 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहे इस विश्वस्तरीय उद्यान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शुक्रवार को की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि यह उद्यान केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून की नई पहचान बनेगा। यहां हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार विद्युत विभाग का करीब 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग का 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उद्यान में थीम पार्क, कैफेटेरिया,फूड कोर्ट, 2700 मीटर लंबा जॉगिंग व साइकिलिंग ट्रैक,840 मीटर लंबा बोर्डवॉक, ओपन एयर थिएटर,योगा पवेलियन,वॉटरफॉल डेक, स्पोर्ट्स जोन और लीची गार्डन विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना में तीन भव्य प्रवेश द्वार और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी तैयार की जा रही है। सिविल कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स फर्म द्वारा कराए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story