आश्रम की संपत्ति को लेकर संग्राम, संतों के दो पक्ष भिड़े, मारपीट का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
आश्रम की संपत्ति को लेकर संग्राम, संतों के दो पक्ष भिड़े, मारपीट का वीडियो वायरल


हरिद्वार, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तरी हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कमलदास कुटिया आश्रम में संपत्ति विवाद को लेकर संतों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान एक संत से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि आश्रम की संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। कुछ दिन पूर्व मुख्य महंत ओमप्रकाश दास शास्त्री ने अपने शिष्य शिव प्रकाश महाराज की चादरपोशी की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार 24 अगस्त की रात कुछ लोग आश्रम पहुंचे और महंत ओमप्रकाश शास्त्री से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर शिव प्रकाश महाराज के साथ मारपीट की गई, जिससे आश्रम में हंगामा हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

वायरल वीडियो में कुछ लोग संत के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं, जबकि महंत ओमप्रकाश दास शास्त्री बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं।

महंत ओमप्रकाश शास्त्री का आरोप है कि शिष्य को चेला बनाने से दूसरा पक्ष नाराज था और उन लोगों ने रात में आकर विवाद किया। शिव प्रकाश महाराज ने भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत दी है।

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत जांच में ली गई है, सीसीटीवी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story